बहराइच , अक्टूबर 02 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को जेल भेजने और एनकाउंटर की धमकी देकर धन उगाही करने वाले गिरोह का हरदी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर अपराधियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 7.795 किलोग्राम गांजा,तमंचा-कारतूस, उपनिरीक्षक की वर्दी, पी-कैप, पुलिस बैज, फर्जी नंबर प्लेट तथा लाल-नीली बत्ती लगी रेनॉल्ट ट्राइबर कार बरामद की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल-नीली बत्ती लगी सफेद रंग की एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार में उपनिरीक्षक की वर्दी पहना व्यक्ति दो लोगों को जबरन बैठाकर महसी की ओर ले जा रहा है। सूचना पर हरदी पुलिस ने सिंघिया नसीरपुर गांव के पास संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की। वाहन चालक उपनिरीक्षक की वर्दी में मिला, लेकिन पुलिस विभाग का परिचय पत्र और वाहन से संबंधित वैध अभिलेख नहीं दिखा सका। जांच में वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगी मिली।

वाहन में पीछे बैठे दोनों व्यक्तियों ने बताया कि उन्हें राजी चौराहे से असलहा दिखाकर जबरन गाड़ी में बैठाया गया था। आरोप है कि उन्हें गांजा रखने के मुकदमे में जेल भेजने तथा एनकाउंटर करने की धमकी देकर रुपये मांगे जा रहे थे। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाशी ली।

पूछताछ में वर्दीधारी व्यक्ति ने अपना नाम समर बहादुर सिंह बताया। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 1997 में 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में भर्ती हुआ था और वर्ष 2019 में 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ में तैनाती के दौरान लड़ाई-झगड़े एवं नियम विरुद्ध आचरण के कारण जबरिया सेवानिवृत्त किया गया था। दूसरे आरोपी श्रीप्रकाश द्विवेदी उर्फ प्रकाश दूबे को पुलिस ने वर्ष 2006 बैच का बर्खास्त सिपाही बताया है। दोनों मिलकर पुलिसकर्मी का भेष धारण कर लोगों को गांजा रखने अथवा बेचने के आरोप में जेल भेजने का भय दिखाकर धन उगाही करते थे।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि जेल में रहने के दौरान आरोपियों को राजी चौराहे की पान-परचून की दुकानों पर गांजे वाली सिगरेट मिलने की जानकारी हुई थी। इसी आधार पर कथित रूप से दो दुकानदारों को गाड़ी में बैठाकर उनसे वसूली का प्रयास किया जा रहा था। पूछताछ में वाहन में मौजूद मूले अवस्थी उर्फ अवधेश अवस्थी और वीरेंद्र उर्फ छोटू ने पुलिस को अपने-अपने स्तर पर गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की जानकारी दी।

मूले अवस्थी के पास से 51 ग्राम तथा उसकी निशानदेही पर 3.280 किलोग्राम गांजा और वीरेंद्र के पास से 94 ग्राम तथा उसकी निशानदेही पर 2.170 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वाहन से भी 2.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस तरह कुल 7 किलो 795 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

तलाशी में पुलिस ने एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, 8,270 रुपये नकद, छह एंड्रायड मोबाइल फोन, उपनिरीक्षक की वर्दी, पी-कैप, पुलिस बैज, प्लास, रिंच, दो फर्जी नंबर प्लेट तथा लाल-नीली बत्ती लगी रेनॉल्ट ट्राइबर कार बरामद की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित