बहराइच , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की रुपईडीहा थाना की पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रुपईडीहा थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत के नेतृत्व में रुपईडीहा पुलिस टीम ने सोमवार को क्षेत्र में तलाश और गश्त के दौरान मुस्लिम बाग क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सितारा देवी उर्फ सुगरी (27 वर्ष) तथा नौशाद अली (48 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने अनुसार आरोपियों के कमरे से संदिग्ध गो मांस बरामद किया गया।
श्री रावत ने बताया कि बरामद मांस के परीक्षण के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध मु.अ.सं. 62/2026 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/8 में मुकदमा दर्ज किया गया। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय कुमार, मुख्य आरक्षी उपेश यादव, आरक्षी अवनी कुमार तथा महिला आरक्षी मान्यता त्रिवेदी शामिल रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित