बहराइच , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 396.80 लाख रुपये की लागत से नौ महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि देवीपाटन मंडल के अंतर्गत बहराइच की विभिन्न विधानसभाओं में आस्था से जुड़े स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए ये योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है, जिसे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वीकृत परियोजनाओं में पयागपुर क्षेत्र के प्राचीन हनुमान मंदिर के विकास के लिए 39.80 लाख रुपये, नानपारा विधानसभा क्षेत्र के रामपुर धोबियाहार स्थित श्री बुढ़ेश्वर नाथ मंदिर के लिए 40 लाख रुपये तथा सदर विधानसभा क्षेत्र के बेरिया मंदिर के लिए 57 लाख रुपये की धनराशि शामिल है। इसके अलावा महसी क्षेत्र स्थित मरी माता मंदिर के लिए 40 लाख रुपये, मटेरा के मंगलीनाथ शिव मंदिर के लिए 35 लाख रुपये तथा कैसरगंज के हर्दौली माता मंदिर के लिए 45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं बलहा विधानसभा क्षेत्र के मिहींपुरवा ब्लॉक के ग्राम कारीकोट में ग्रामीण पर्यटन विकास हेतु 25 लाख रुपये, पयागपुर के प्राचीन शिव मंदिर में अवस्थापना सुविधाओं के लिए 57 लाख रुपये तथा बलहा क्षेत्र के सेमरी मलमला स्थित बाबा मंदिर के विकास के लिए 58 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश भर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ सनातन संस्कृति के संरक्षण और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित