बहराइच , फरवरी 03 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में नगर कोतवाली क्षेत्र के बशीरगंज मोहल्ले में मंगलवार को एक निर्माणाधीन भवन की छत की स्लैब गिरने से काम कर रहे पांच मजदूर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बशीरगंज इलाके में वसीउल्ला पुत्र हाजी समीउल्ला के निर्माणाधीन भवन पर स्लैब डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान छत का एक हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर कंधई लाल, मनोज, राम निवास, विक्रम और झुलसे नामक पांच श्रमिक घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर ने बताया कि सभी घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज बहराइच में चल रहा है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित