बहराइच , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस ने चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी कैसरगंज धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि थाना कैसरगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बदरौली-कैसरगंज मार्ग स्थित बेचईपुर चुलम्भा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुलायम उर्फ राकेश (28) निवासी भगतराम पुरवा, बदरौली तथा मयंकर (30) निवासी जयराज सिंह पुरवा, गोडहिया नंबर-1 थाना कैसरगंज के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और पुलिस को इनकी तलाश थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 14 अदद बिछिया, 7 नग जड़ी अंगूठियां, एक जोड़ी कान के बूंदे, एक नाक की नथिया, एक अन्य बिछिया तथा तीन अतिरिक्त बिछिया बरामद की गई हैं। बरामद आभूषण हाल के महीनों में हुई चोरी की वारदातों से जुड़े बताए जा रहे हैं।

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी थाना कैसरगंज और फखरपुर क्षेत्र में दर्ज तीन अलग-अलग मुकदमों में वांछित थे। इनमें 5 फरवरी को एक घर में घुसकर महिला के जेवरात और मोबाइल फोन चोरी करने तथा 11 फरवरी को एक ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़कर आभूषण चोरी करने की घटनाएं शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित