बहराइच , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रुपईडीहा थाना क्षेत्र के मकनपुर ग्राम पंचायत के नारा नजोत मजरे के पास सिरकुंडा तालाब में गुरुवार को नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और करीब दो घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। गोताखोरों की टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने बच्चों को खोज लिया। पुलिस के अनुसार सलारपुर, मल्हीपुर निवासी संदीप वर्मा (14) अपने ननिहाल शिव बढ़िया गांव में रामनाथ वर्मा के घर आया हुआ था। गुरुवार को वह गांव के ही दीपेंद्र सोनकर (12) के साथ गांव के उत्तर दिशा में स्थित सिरकुंडा तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान दोनों बच्चे तालाब के गहरे हिस्से में चले गए और पानी में डूब गए।
बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही अपने स्तर पर बच्चों की तलाश शुरू कर दी। करीब दो घंटे तक ग्रामीण तालाब में बच्चों की तलाश करते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसी बीच गोताखोरों की टीम को भी मौके के लिए रवाना किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित