बहराइच , अगस्त 31 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के मिहींपुरवा ब्लॉक स्थित ककरहा वन रेंज के गोपिया गांव के मजरा राम सहाय पुरवा में पिछले कई दिनों से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बने तेंदुए को आखिरकार वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम अब उसे सुरक्षित तरीके से ककरहा रेंज कार्यालय ले जाकर पशु चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक उपचार कराएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपिया गांव के मजरा राम सहाय पुरवा में पिछले कई दिनों से तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीण भयभीत थे। तेंदुए की गतिविधियों के कारण ग्रामीणों को खेतों और गांव के आसपास जाने में भी डर लग रहा था। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर निगरानी बढ़ाते हुए तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था।
तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे के अंदर एक बकरी बांधी गई थी। रविवार रात शिकार की तलाश में घूम रहा तेंदुआ बकरी की ओर आकर्षित होकर पिंजरे के भीतर पहुंच गया। जैसे ही वह अंदर गया, पिंजरा बंद हो गया और तेंदुआ उसमें कैद हो गया।
तेंदुए के पिंजरे में फंसने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में लिया।
वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित तरीके से ककरहा रेंज कार्यालय ले गई। जहां पशु चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य परीक्षण और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग के अधिकारी नियमानुसार तेंदुए को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की कार्रवाई पूरी की गई।
तेंदुए के पकड़े जाने से गोपिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कई दिनों से बना भय का माहौल काफी हद तक समाप्त हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण लोग खेतों और गांव के आसपास जाने से भी बच रहे थे। अब उसके पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित