बहराइच , मई 04 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े दस बजे मौसम ने अचानक करवट बदल ली। कुछ ही मिनटों में आसमान पर काले बादलों का घना डेरा छा गया और दिन में ही रात जैसा दृश्य नजर आने लगा। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने देखते ही देखते पूरे जिले को अपनी चपेट में ले लिया।

जिले के मिहींपुरवा, हुजूरपुर, पयागपुर, कैसरगंज, नानपारा समेत लगभग सभी विकास खंडों में तेज आंधी और झमाझम बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ों की डालियां टूट गईं और ग्रामीण इलाकों में कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। मौसम के अचानक बदले मिजाज से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

बारिश का असर कृषि क्षेत्र पर मिला-जुला देखने को मिला।खेती किसानी के बारे में जानकर किसानों के अनुसार, गन्ने की फसल के लिए यह बारिश लाभकारी मानी जा रही है, क्योंकि इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और सिंचाई का दबाव कम होगा। दूसरी ओर मक्का और उड़द की फसल को तेज बारिश और हवा से नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। कई स्थानों पर मक्का की फसल झुक गई, जबकि उड़द की बुवाई वाले खेतों में जलभराव की स्थिति देखी गई।

किसानों का कहना है कि बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं कुछ फसलों के लिए चिंता भी बढ़ा दी है। गन्ना उत्पादकों ने इसे फायदेमंद बताया, जबकि मक्का और दलहन उत्पादक किसानों ने नुकसान की आशंका जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित