बहराइच , सितम्बर 07 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नानपारा कोतवाली क्षेत्र के पुजारी पुरवा जुड़ा गांव में रविवार देर शाम एक तेंदुए ने घर के आंगन में खेल रही तीन वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया और उसे जबड़े में दबोचकर खेतों की ओर ले गया। ग्रामीणों के शोर और पीछा करने पर तेंदुआ बच्ची को करीब 400 मीटर दूर खेत में घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सीताराम की पत्नी अनीता रविवार शाम करीब सात बजे घर के आंगन में लगे नल पर पानी भर रही थीं। उनकी तीन वर्षीय बेटी लाडो उनके पीछे खड़ी थी। इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ आंगन में घुस आया और बच्ची पर हमला कर उसे अपने जबड़े में दबोच लिया। बेटी को तेंदुए के जबड़े में देख अनीता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और तेंदुए के पीछे दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भीड़ और शोर के बीच तेंदुआ बच्ची को लेकर खेतों की ओर भाग गया।

ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक खेतों और आसपास के इलाके में बच्ची की तलाश की। इसके बाद वह घर से लगभग 400 मीटर दूर खेत में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। बच्ची के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर तेंदुए के हमले से गहरे जख्म बताए जा रहे हैं।

परिजन तत्काल घायल बच्ची को उपचार के लिए नानपारा स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, देर रात करीब 11 बजे बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया।

घायल बच्ची की मां अनीता ने बताया कि वह घर के आंगन में पानी भर रही थीं और उनकी बेटी लाडो पीछे खड़ी थी। इसी दौरान अचानक तेंदुआ आया और बच्ची को उठाकर ले गया। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तेंदुए का पीछा किया। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख तेंदुआ बच्ची को खेत में छोड़कर फरार हो गया।

घटना के बाद पुजारी पुरवा जुड़ा गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में आ सकता है।

इस संबंध में वार्ता की टीम ने जब प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) एस. सुन्दरेसा ने बात की तो उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है। उन्होंने कहा कि यह तेंदुआ प्रभावित क्षेत्र है और मौके पर तेंदुए के पगचिह्न भी मिले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित