बहराइच , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतपुर ग्राम सभा में एक तेंदुआ गौशाला में घुस गया और एक गोवंश को अपना शिकार बना लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दौलतपुर के छत्तर बंगाल के पास स्थित एक गौशाला में शुक्रवार देर रात तेंदुआ अचानक घुस आया। गौशाला में मौजूद मजदूरों ने बताया कि तेंदुए ने बेहद तेजी से हमला करते हुए गोवंश के गर्दन पर अपने पंजों से वार किया। गोवंश के शरीर पर तीन गहरे पंजों के निशान पाए गए हैं, जबकि पीछे से मांस नोचने के भी स्पष्ट संकेत मिले हैं। हमले में गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान वसीम कुरैशी ने तत्काल वन विभाग को अवगत कराया। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृत गोवंश को नियमानुसार गड्ढा खोदकर दफना दिया गया है, ताकि किसी प्रकार का संक्रमण या अन्य खतरा न फैल सके।
वन विभाग के अधिकारी शाहिद मोहम्मद ने बताया कि तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए इलाके में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए दो स्थानों पर पिंजरे लगाए गए हैं। एक पिंजरा उस स्थान पर लगाया गया है, जहां पूर्व में तेंदुए के हमले में दो युवक घायल हो चुके हैं, जबकि दूसरा पिंजरा गौशाला के पास कुछ दूरी पर स्थापित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित