बहराइच , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग क्षेत्र में शुक्रवार एक किसान पर तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से घायल किसान को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद तेंदुआ पास के एक पेड़ पर चढ़ गया, जिसे सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोतीपुर रेंज के मटिहा गांव निवासी 56 वर्षीय ननकन शुक्रवार अपने खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान जंगल से निकलकर आए तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। किसान के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हांका लगाकर तेंदुए को भगाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों की हलचल से घबराकर तेंदुआ पास ही स्थित एक पेड़ पर चढ़ गया और वहीं डेरा डाल लिया। घायल किसान को तत्काल मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी एस.के. तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित भी घटनास्थल पर पहुंचे,उन्होंने बताया कि पेड़ के चारों ओर जाल लगाया गया और तेंदुए को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन भीड़ के कारण तेंदुआ नीचे उतरने से कतरा रहा है।

तेंदुआ पिछले करीब सात घंटे से पेड़ पर ही बैठा हुआ है और भीड़ को देखकर भयभीत है। विभागीय टीम ग्रामीणों को हटाकर तेंदुए को सुरक्षित नीचे उतारने की रणनीति पर काम कर रही है। ट्रैंकुलाइज (बेहोश) करने की स्थिति में तेंदुए को चोट लगने की आशंका है, इसलिए उसे स्वाभाविक रूप से नीचे उतारकर जंगल की ओर खदेड़ने की योजना बनाई जा रही है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खेतों की ओर जाने से बच रहे हैं और वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित