बहराइच , जुलाई 18 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिला स्थित कतर्निया वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत मूर्तिहा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक तेंदुए के हमले में 88 वर्षीय बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने गश्त बढ़ाने के साथ पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूर्तिहा थाना क्षेत्र के लोधन पुरवा ग्राम निवासी राम यादव (88) शनिवार सुबह लगभग चार बजे अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान एक तेंदुआ घर में घुस आया और उन पर हमला कर उन्हें घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर उनके पौत्र सूरज यादव सहित अन्य परिजन लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। परिजनों के शोर मचाने पर तेंदुआ राम यादव को छोड़कर समीपवर्ती जंगल की ओर भाग गया।

हमले में राम यादव के गले पर गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों ने उन्हें तत्काल मिहींपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही वन विभाग की टीम को प्रभावित क्षेत्र में लगातार गश्त करने तथा तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात्रि के समय खुले स्थानों पर अकेले न सोएं, बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित