बहराइच , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में कतर्नियाघाट वन्यजीव अभ्यारण्य के मोतीपुर वन रेंज क्षेत्र में रविवार को तेंदुए के दो शावकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों शावकों के शव खेत में लगभग 20 मीटर की दूरी पर पड़े मिले हैं। वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मोतीपुर रेंज के अंतर्गत अडगौडवा और मनगौढिया ग्राम पंचायतों के बीच खेत में ग्रामीणों ने सुबह एक आम के पेड़ के नीचे तेंदुए के शावक का शव देखा। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने कुछ दूरी पर दूसरा शव भी पड़ा पाया। घटनास्थल के समीप आम के पेड़ पर गहरे पंजों के ताजा खरोंच के निशान तथा आसपास वयस्क तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं।
क्षेत्रीय वनाधिकारी एस.के. तिवारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। पशु चिकित्सकों को बुलाकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोतीपुर रेंज कार्यालय लाया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित