बहराइच , दिसंबर 24 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रूपईडीहा इलाके में बुधवार सुबह एक तेंदुए ने अचानक हमला कर तीन लोगों को घायल कर दिया। इस घटना में एक बुजुर्ग समेत सभी घायलों को उपचार के लिए बहराइच जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना पचपकड़ी ग्राम में हुई, जहां के निवासी राधे श्याम अपनी नित्य क्रिया के लिए जा रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तेंदुए के पीछे दौड़े। इसी दौरान, तेंदुए ने 14 वर्षीय संजना और 25 वर्षीय अंकित को भी घायल कर दिया। हमले के बाद तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया।

घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया, और बाद में उनकी गंभीर स्थिति के कारण बहराइच जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर रूपईडीहा थाना प्रभारी रमेश रावत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर मामले की छानबीन शुरू की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित