बहराइच , दिसम्बर 24 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जनपद के रूपईडीहा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह तेंदुए ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
घायलों में एक बुजुर्ग, एक किशोरी और एक युवक शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार यह घटना पचपकड़ी गांव की है। गांव निवासी राधे श्याम सुबह अपनी नित्य क्रिया के लिए जा रहे थे, तभी जंगल से निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों से तेंदुए को खदेड़ने का प्रयास किया।
इसी दौरान तेंदुए ने 14 वर्षीय संजना और 25 वर्षीय अंकित पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया। हमले के बाद तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया। सभी घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रूपईडीहा थाना प्रभारी रमेश रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही वन विभाग को भी सूचना दी गई। वन विभाग की टीम रेंजर और वन कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया है कि यह क्षेत्र चकिया जंगल से सटा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुआ भटककर आबादी वाले क्षेत्र में आ गया। वन विभाग की टीम तेंदुए को पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित