बहराइच , जनवरी 30 -- बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगड़ा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत रमपुरवा के मुखिया फार्म गांव में तेंदुए के हमले से चार वर्ष की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी मनोज की पुत्री अनुष्का घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे मुंह में दबोचकर भाग गया। परिजनों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्ची को करीब 50 मीटर दूर छोड़कर नहर किनारे झाड़ियों में छिप गया।
परिजन गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्ची के गले और नाक पर गहरे जख्म पाए गए। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और वन्यजीवों की आवाजाही पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित