बहराइच , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सिपहिया हुलास गांव के बाहर कटी तालाब के पास एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
शव की पहचान सरसट (बटोरा) निवासी निजामुद्दीन पुत्र मुसाहेब के रूप में हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,ग्रामीण मंगलवार सुबह कटी तालाब के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने पानी के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। कुछ ही देर में घटना की जानकारी आसपास के गांवों में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर बौंडी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान होने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।
बौंडी थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि निजामुद्दीन की मौत तालाब में डूबने से हुई अथवा इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित