बहराइच , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रूपईडीहा थाना पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में 1.586 किलोग्राम नेपाली चरस के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात रूपईडीहा कस्बे स्थित एसएसबी चेक पोस्ट पर थाना रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान नेपाल से भारत की ओर पैदल आ रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.586 किलोग्राम नेपाली चरस बरामद हुई।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान विरेन्द्र बहादुर सिंह (34) पुत्र कुश बहादुर सिंह, निवासी वार्ड संख्या-04, बारेकोट ग्राम पालिका, जिला जाजरकोट, नेपाल के रूप में हुई। पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह ने बुधवार को बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना रूपईडीहा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है।

उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस, एसएसबी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिससे सीमा पार से होने वाली अवैध तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली है।

इस संयुक्त अभियान में थाना रूपईडीहा के उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, मुख्य आरक्षी अवधेश प्रजापति, आरक्षी रविन्द्र यादव तथा एएनटीएफ लखनऊ के उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह सहित पुलिस एवं एसएसबी के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित