बहराइच , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की चरस बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने रविवार को यहां बताया कि रुपईडीहा थाना पुलिस और एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की संयुक्त टीम ने कस्बा रुपईडीहा के चकिया रोड स्थित सफीक मोबाइल रिपेयरिंग दुकान के पास छापेमारी कर 6.770 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद चरस की कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्माईल (40) पुत्र हनीफ, निवासी जमुनहा गांव, थाना रुपईडीहा, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी को रविवार उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह नेपाल से लाई गई चरस की खेप को कस्बे में खपाने की फिराक में था।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नेपाल के बांके जिला के रास्ते चरस को भारत लाकर सीमावर्ती क्षेत्रों में सप्लाई करता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सीमापार मादक पदार्थ तस्करी के संगठित नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा खेप को कहां पहुंचाया जाना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित