बहराइच , जून 27 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के नानपारा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नानपारा कोतवाली क्षेत्र के करीमबक्श पुरवा निवासी समीर (32) दवा लेने के लिए बाइक से नानपारा जा रहे थे। दोपहर लगभग 2:30 बजे नानपारा-शिवपुर मार्ग पर बंजारन टांडा स्थित पेट्रोल पंप के सामने ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि समीर ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज गति से कोटवा की ओर जा रही थी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।
सूचना मिलने पर नानपारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। कोतवाल राजनाथ सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित