बहराइच , अप्रैल 17 -- बहराइच जिले में नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बाइक और सीएनजी टेम्पो की आमने-सामने हुई टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क से नीचे जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई, जिससे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से झुलस गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के सोमईगौढ़ी गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि राजेश अपनी रिश्तेदारी में शादी का निमंत्रण देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कुड़वा गांव के पास सामने से आ रहे सीएनजी टेम्पो से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे जा गिरे। इसी दौरान बाइक में अचानक आग लग गई। आग की लपटों में घिरने से राजेश गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित