बहराइच , अप्रैल 02 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के मिहींपुरवा कस्बे में बुधवार रात एक ज्वेलर्स व्यापारी की दुकान पर धमकी भरा पत्र और जिंदा कारतूस फेंककर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने बताया कि मिहींपुरवा बाजार स्थित जगदीश ज्वेलर्स के मालिक चंद्र मोहन सोनी उर्फ छोटू की दुकान पर अज्ञात व्यक्ति ने पत्र और 12 बोर का जिंदा कारतूस छोड़ दिया। पत्र में व्यापारी के बेटे और परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की गई है। धमकी देने वाले ने खुद को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए "अनमोल बिश्नोई" नाम का उल्लेख किया है। पत्र में निर्देश दिया गया है कि तय समय पर गोपिया मार्ग स्थित दरोगा पुरवा के पास रुपये पहुंचाए जाएं, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।
व्यापारी के मुताबिक, देर रात से अज्ञात नंबरों से लगातार फोन कर धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है। उद्योग व्यापार मंडल मिहींपुरवा ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 3 अप्रैल तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष संजय सिंह ने व्यापारियों से दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्राधिकारी प्रद्युम्न सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।
पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित