बहराइच , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर को मोतीपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर खुर्द गांव में गोवंश के कुछ अवशेष मिले थे। इस मामले में पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित की थीं। विवेचना के दौरान कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए थे।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 27 और 28 सितंबर की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल संदिग्ध दोबारा इसी तरह की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं और लौकही की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर मोतीपुर थाना प्रभारी ब्रह्म गौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोपिया बैराज मार्ग पर बाढ़ राहत केंद्र बंधा मोड़ कंजड़वा के पास चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान गायघाट की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, उन्हें रोकने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को पीछा कर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू पुत्र मुल्ला (25) निवासी बालापुर, शहजाद उर्फ कलूटे (35) निवासी उचवा बालापुर, दोनों थाना रुपईडीहा तथा सोनू पुत्र भुसैली (30) निवासी खैरी, शाहपुर खुर्द थाना मोतीपुर के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी टीम ने आरोपियों के पास से एक 12 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 1,940 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक तराजू, एक किलोग्राम और 500 ग्राम के बाट, मांस काटने में इस्तेमाल होने वाला लकड़ी का ठीहा तथा तीन चाकू बरामद किया है।

घायल आरोपी सोनू पुत्र मुल्ला के विरुद्ध पूर्व में गोवध निवारण अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित