बहराइच , नवंबर 07 -- दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजार में उमड़ी भीड़ के बीच शनिवार देर शाम शहर के छोटी बाजार इलाके में अचानक गोला दगने से छह लोग झुलस गए। हादसे में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम छोटी बाजार में डॉक्टर एसपी सिंह की क्लीनिक के सामने अज्ञात कारणों से अचानक गोला दग गया। विस्फोट की चपेट में आने से कोतवाली नगर क्षेत्र के सखैयापुरा निवासी 20 वर्षीय निमेष श्रीवास्तव, 22 वर्षीय अमन गुप्त, 35 वर्षीय अभिषेक श्रीवास्तव तथा खत्रीपुरा निवासी 33 वर्षीय अमित पांडेय समेत छह लोग झुलस गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

चिकित्सक नितिन शुक्ल के अनुसार, घायलों में निमेष और नितिन की हालत गंभीर है। हालांकि, शेष घायलों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल बीके मिश्र और चौकी प्रभारी धीरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर कोतवाल ब्रजेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कोई व्यक्ति झोले में गोला लेकर जा रहा था, जो किसी कारणवश दग गया। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित