बहराइच , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत और कथित कालाबाजारी के विरोध में मंगलवार को समाजवादी लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नगर मजिस्ट्रेट के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष नन्देश्वर नन्द यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष नन्देश्वर नन्द यादव ने आरोप लगाया कि पूरे जनपद में रसोई गैस सिलेंडरों का गंभीर संकट बना हुआ है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह जैसे मांगलिक कार्यों में भी लोगों को भोजन बनाने में दिक्कतें आ रही हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों और कालाबाजारियों की मिलीभगत से सिलेंडरों की कालाबाजारी चरम पर है तथा आम उपभोक्ताओं को निर्धारित दर से कहीं अधिक कीमत पर सिलेंडर खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। उनके अनुसार कुछ स्थानों पर गैस सिलेंडर 2500 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं, जो आम आदमी की पहुंच से बाहर है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति को सामान्य नहीं किया गया और कालाबाजारी पर अंकुश नहीं लगाया गया तो संगठन द्वारा आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित