बहराइच , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में फीस के नाम पर विद्यार्थियों से लाखों रुपये लेने और कूटरचित शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने के मामले में पुलिस ने नन्दा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्राचार्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के कोतवाली उतरौला क्षेत्र निवासी रवि प्रताप ने पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव को प्रार्थना पत्र देकर नानपारा रोड स्थित नन्दा इंस्टीट्यूट में विद्यार्थियों से फीस के नाम पर लाखों रुपये लिए जाने तथा कूटरचित शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाने की शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि इसको लेकर संस्थान के छात्र परेशान थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना रामगांव में मुकदमा संख्या 301/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 419, 420, 467 और 468 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित