बहराइच , अगस्त 02 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद की सर्विलांस सेल एवं थाना स्तर पर गठित मोबाइल रिकवरी टीम ने विभिन्न कंपनियों के कुल 211 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 58 लाख 25 हजार 300 रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने रविवार को पुलिस सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल उनके वैध स्वामियों को सौंपे।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण एवं जनसहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अजय प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल द्वारा सीईआईआर पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग एवं तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से यह कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल फोन सैमसंग, वीवो, ओप्पो, टेक्नो, रेडमी, वनप्लस सहित विभिन्न कंपनियों के हैं। पुलिस टीम ने मोबाइलों को सफलतापूर्वक ट्रेस कर उनके वास्तविक धारकों की पहचान की और उन्हें वापस सौंप दिया।

मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने अपनी खोई हुई संपत्ति वापस मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बहराइच पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल रिकवरी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सर्विलांस टीम के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित