भिण्ड , जून 11 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के सरसेड़ गांव में बहन से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सुबह एक युवती किसी कार्य से घर से निकली थी। आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने उस पर अभद्र टिप्पणियां कीं। युवती के भाई ने इसका विरोध किया, जिस पर विवाद की स्थिति बन गई।

परिजनों का आरोप है कि विरोध करने से नाराज युवकों ने उसके भाई को घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। घायल युवक को पहले मेहगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल भिण्ड रेफर कर दिया गया। मेहगांव थाना प्रभारी महेश शर्मा ने बताया कि मारपीट की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित