फिरोजाबाद , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के टूंडला क्षेत्र में मंगलवार को सवारियों से भरे टेंपो ने सड़क किनारे खड़ी बस में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) टूंडला पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार हादसा सीएचसी टूंडला के सामने फ्लाईओवर फुट ओवरब्रिज के पास हुआ। टेंपो चालक वकील पुत्र कल्लू निवासी जाखई, उसकी पत्नी आसमा, बबली पत्नी शमशाद निवासी हिम्मतपुर, मदीना पत्नी अनवार, परवीन पत्नी सलीम, सलमा पत्नी अकील खान निवासी लाटूमई शिकोहाबाद और रेशमा पत्नी शमशाद निवासी हिम्मतपुर घायल हुए हैं।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद वकील, आसमा, मदीना, परवीन और सलमा को जिला अस्पताल फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया, जबकि बबली को एफएच मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित