अलवर , अप्रैल 25 -- राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में एक रोडवेज बस में टिकट बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया।

बस परिचालक ने कुछ यात्रियों पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और नकदी एवं सामान लूटने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मारपीट का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।

पीड़ित परिचालक भागेश मीणा ने रिपोर्ट में बताया कि वह बस में अपनी ड्यूटी कर रहा था। ये बस अलवर लक्ष्मणगढ़-जयपुर मार्ग पर चलती है। अलवर लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर यात्रा के दौरान कुलदीप सिंह सहित अन्य कुछ यात्रियों ने उससे मारपीट की जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर आरोपियों ने परिचालक को नीचे गिराकर कुल्हाड़ी लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बचाव करने आए चालक अरशद खान के साथ भी मारपीट की।

हमलावर उसके पास से करीब 10 हजार रुपये नकद, टिकट मशीन और डायरी छीनकर फरार हो गए। बीच-बचाव करने आए अन्य स्टाफ और यात्रियों के साथ भी आरोपियों ने बदसलूकी की।

घटना के बाद घायल परिचालक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित