भिण्ड , अप्रैल 17 -- जिले के अटेर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार यात्री बस द्वारा ऑटो को टक्कर मारने से एक डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार उत्तरप्रदेश के बायां जैतपुरा निवासी अरविंद कनेरे अपने परिवार के साथ मुरैना जिले के पोरसा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। चौम्हो के पास उन्होंने ऑटो सड़क किनारे खड़ा किया, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार बस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक अन्य बस से भी टकरा गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे में डेढ़ साल की मानसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां बबली (22), बसंती (55), गुड्डी देवी (50) सहित अन्य लोग घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि मुन्नी देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।
घटना में बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं, जिन्हें अटेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित