शिवपुरी , मई 18 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी में इंदौर से शिवपुरी आ रही एक निजी यात्री बस में आग लगने की घटना में चार वर्षीय बालक की मृत्यु के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा और कांग्रेस विधायकों ने नागरिकों के साथ रैली निकालकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक दिन पूर्व देवास के निकट इंदौर-शिवपुरी मार्ग पर चल रही एक निजी यात्री बस में अचानक आग लग गई थी, जिसमें चार वर्षीय बालक अनय जैन की जलकर मृत्यु हो गई थी। घटना के विरोध में आज शहरवासियों ने रैली निकालकर बस संचालक और अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

रैली में मृत बालक के पिता अभिषेक जैन के साथ शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, पोहरी विधायक कैलाश कुशवाहा तथा कोलारस विधायक महेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

रैली कलेक्ट्रेट पहुंची तो कलेक्टर अर्पित वर्मा कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए। कुछ देर बाद कलेक्टर वहां पहुंचे और सड़क पर बैठकर अभिषेक जैन से चर्चा की। बाद में वह पीड़ित पिता को अपने साथ कक्ष में ले गए, जहां अन्य लोग भी पहुंचे। इस दौरान अभिषेक जैन ने बस संचालक तथा घटना के लिए जिम्मेदार अन्य लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पूरी घटना की जानकारी कलेक्टर को दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित