अलवर , सितम्बर 29 -- राजस्थान में अलवर के राजगढ़ मार्ग पर सोहनपुर रेलवे पुलिया केपास मंगलवार को अलवर आगार की रोडवेज बस का टायर अचानक फट गया, लेकिन चालककी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। बस अलवर डिपो से करौली के लिए रवाना हुई थी। सोहनपुर रेलवे पुलिया से उतरते समय अचानक टायर फट गया। इससे बस अनियंत्रित होने लगी। ऐसी स्थिति में चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित करके रोक लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। अचानक बस रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी और बस रुकने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि लंबे रूट पर भी पुरानी और खटारा बसों का संचालन किया जा रहा है। रास्ते में बसों के खराब होने से यात्रियों को आये दिन परेशानी उठानी पड़ती है। यात्रियों का कहना है कि बसों की नियमित जांच और समय पर रखरखाव नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित