धार , अप्रैल 22 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के सरदारपुर तहसील अंतर्गत रिंगनोद क्षेत्र में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गड्ढे में उतर गई, जिससे 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बोरी से इंदौर जा रही बस ग्राम रिंगनोद में टोल टैक्स के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल यात्रियों के अनुसार हादसे से पहले कुछ लोगों द्वारा बस पर पथराव किया गया, जिसमें एक पत्थर बस के सामने के कांच पर लगा और कांच टूट गया। इसके बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कई यात्रियों को कांच के टुकड़ों से भी चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सरदारपुर सिविल अस्पताल तथा राजगढ़ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में 5 से 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और थाना प्रभारी अनिल जाधव अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित