पौड़ी , सितंबर 16 -- उत्तराखंड में पौड़ी शहर के बस अड्डे पर मंगलवार देर रात दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर हुयी मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार कल रात बस अड्डा पौड़ी में दो पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। सार्वजनिक स्थल पर मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालते हुए शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में दोनों पक्षों के पांच युवकों को हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक शांति भंग के मामले में कार्रवाई के साथ ही दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए युवकों में पीयूष कौशिक , निवासी श्रीनगर रोड, पौड़ी और राहुल उनियाल, निवासी श्रीनगर रोड, पौड़ी , नितेश सकलानी , निवासी कोटद्वार, हिमांशु , निवासी लालपुर कोटद्वार और सौरभ नेगी, निवासी पौड़ी गढ़वाल शामिल है। पुलिस ने मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित