बस्ती , जून 4 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सत्याग्रह एक्सप्रेस के एक जनरल कोच से लावारिस हालत में 5.50 किलोग्राम चरस बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जीआरपी सूत्रों के अनुसार नियमित जांच एवं निगरानी के दौरान ट्रेन के जनरल कोच में संदिग्ध अवस्था में रखा सामान मिला। तलाशी लेने पर उसमें से 5.50 किलोग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के समय मौके पर कोई व्यक्ति उक्त सामान पर दावा करने के लिए मौजूद नहीं था।
पुलिस ने बरामद चरस को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है कि मादक पदार्थ ट्रेन में किस स्टेशन से रखा गया था और इसके पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है। जांच एजेंसियां रेलवे स्टेशनों और ट्रेन के संभावित रूट से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं। साथ ही मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित