बस्ती , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र में बस्ती-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोटवा ओवरब्रिज के समीप बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि गोटवा ओवरब्रिज के पास एक मोटरसाइकिल और कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार शिवांश पाण्डेय (28) निवासी ग्राम पिकौरा बक्स, थाना कोतवाली तथा मोटरसाइकिल चालक संदीप कुमार प्रजापति (22) निवासी पिलखायें, थाना कप्तानगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार हर्ष गुप्ता और तपिश मिश्रा भी घायल हुए।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवांश पाण्डेय और संदीप कुमार प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। हर्ष गुप्ता का उपचार जारी है, जबकि तपिश मिश्रा की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

शिवांश पाण्डेय कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र पाण्डेय के इकलौते पुत्र थे। पोस्टमार्टम हाउस पर विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के लोग पहुंचकर शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित