बस्ती , सितंबर 9 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सोनहा थाना क्षेत्र के भानपुर-रुधौली मार्ग पर खैरा गांव के समीप बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि खैरा गांव के पास भानपुर-रुधौली मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार शिवम अग्रहरि (16), सत्यम जायसवाल (17), निवासी असुरैना तथा जयप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सत्यम जायसवाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारू करा दिया। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। दोनों घायलों का उपचार चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित