बस्ती , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कोतवाली थाना क्षेत्र में जिलाधिकारी कार्यालय के समीप स्थित आवास से बरामद हुआ।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सूर्य प्रकाश सिंह बस्ती जिला मुख्यालय के समीप आवास में रह रहे थे। शनिवार को उनका शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आवास के आसपास तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
प्रारंभिक तौर पर शव की स्थिति देखकर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के मार्गों पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने आवश्यक दस्तावेज तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न पहलुओं को खंगाल रही हैं।
थानाध्यक्ष की मौत की खबर से वाल्टरगंज थाने में तैनात पुलिसकर्मियों में शोक की लहर है। साथी पुलिसकर्मियों ने बताया कि सूर्य प्रकाश सिंह सरल, मिलनसार और अच्छे आचरण वाले अधिकारी थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित