बस्ती , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सफाईकर्मी का शव बोरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि छावनी थाना क्षेत्र के विठलापुर गांव स्थित माइनर नहर के समीप विनय वर्मा (40) का शव बोरे में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
घटनास्थल पर पुलिस विभाग की अन्य टीमें भी पहुंचीं और साक्ष्य संकलन का कार्य किया। मृतक विनय वर्मा हर्रैया विकास खंड में सफाईकर्मी के पद पर तैनात थे। परिजनों के अनुसार वह रविवार रात घर नहीं लौटे थे, जिससे परिवार चिंतित था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि 24 घंटे के भीतर मामले का अनावरण कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित