बस्ती , जनवरी 29 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को कोडीन युक्त सिरप की अवैध बिक्री के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि 8 दिसंबर 2025 को औषधि निरीक्षक अरविंद कुमार ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर शिकायत की थी कि गांधी नगर स्थित गणपति फार्मा द्वारा कोडीन युक्त सिरप का अवैध रूप से विक्रय किया जा रहा है। इस शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने पंकज कुमार, निवासी त्रिलोचन बाजार, जनपद वाराणसी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था।

उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। गुरुवार को रोडवेज के समीप से पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच-पड़ताल जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, कोडीन युक्त सिरप की अवैध बिक्री से अर्जित धनराशि की जब्तीकरण की कार्रवाई भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित