बस्ती , अप्रैल 5 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में कोतवाली पुलिस ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के 'सनातन धर्म संवाद' कार्यक्रम के आयोजकों के विरुद्ध ध्वनि प्रदूषण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसके लिए उपजिलाधिकारी (सदर) द्वारा सशर्त अनुमति प्रदान की गई थी। कार्यक्रम में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने भाग लिया था।

आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान निर्धारित शर्तों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया गया तथा कोविड-19 प्रोटोकॉल की भी अनदेखी की गई। इसके अलावा कार्यक्रम में कुछ वक्ताओं द्वारा कथित रूप से ऐसी भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई। तेज ध्वनि के कारण आसपास के लोगों को भी असुविधा होने की शिकायत मिली।

कोतवाली प्रभारी मोतीचंद्र ने आयोजक प्रशांत पांडेय, जो राष्ट्रीय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष बताए गए हैं, तथा दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध ध्वनि प्रदूषण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उधर आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम एक सप्ताह पूर्व आयोजित हुआ था और अब मुकदमा दर्ज किया जाना अनुचित है। उन्होंने इसे राजनीतिक कारणों से प्रेरित बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित