जगदलपुर , अक्टूबर 02 -- विजयादशमी के पावन अवसर पर बस्तर रेंज के सातों जिलों में गुरुवार को शस्त्र पूजन समारोह का आयोजन किया गया।

जगदलपुर स्थित आरक्षित पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टलिंगम और पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ शस्त्र पूजन किया।

इस अवसर पर श्री पट्टलिंगम ने कहा, "यह पर्व हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है और पुलिस बल के लिए यह समर्पण, कर्तव्य और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।" उन्होंने बस्तर क्षेत्र की जनता और पुलिस कर्मियों के कल्याण की कामना की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, बल के अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। शस्त्र पूजन के दौरान राष्ट्रसेवा और जनसुरक्षा में तत्पर सभी कर्मियों की सुरक्षा और सफलता के लिए प्रार्थनाएं की गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित