जगदलपुर , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में गुरुवार रात 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत सात लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने अमर वाटिका पहुंचकर बस्तर में शांति और सुरक्षा के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुरू किए गए महीने भर के अभियान के तहत मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में सवा लाख दीप जलाए गए। जगदलपुर शहर में ढाई लाख से अधिक तथा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब साढ़े चार लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
श्री शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर की जनता ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी कृतज्ञता और शुभकामनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने दावा किया कि सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली है तथा लंबे समय से हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन और पारंपरिक गतिविधियां लौट रही हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, मेडिकल कॉलेजों और एम्स की संख्या में वृद्धि के साथ जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधान हटाए जाने, सर्जिकल एवं एयर स्ट्राइक और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया।
इसके बाद श्री शर्मा जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचे और अमर जवान स्मारक के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर नक्सल हिंसा से मुकाबले के दौरान शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति और सुरक्षा स्थापित करने के लिए जवानों का बलिदान सदैव स्मरण किया जाएगा।
अभियान के पहले दिन स्वास्थ्य सेवा से जुड़ा एक मानवीय प्रसंग भी सामने आया। जगदलपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर रहने वाला चार वर्षीय सिद्धांत बघेल जन्मजात मोतियाबिंद के कारण दृष्टिबाधित था। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चिरायु टीम के मेडिकल ऑफिसर डॉ. रमाशंकर चतुर्वेदी उसे उपचार के लिए रायपुर ले गए थे। उपचार के बाद सिद्धांत अब सामान्य रूप से देख पा रहा है।
डॉ. चतुर्वेदी ने गुरुवार को सिद्धांत के घर पहुंचकर उसके स्वास्थ्य और दृष्टि की स्थिति की जानकारी ली। सिद्धांत की मां दयमती बघेल ने बताया कि उपचार के बाद उनका बेटा अब देख पा रहा है। चिरायु कार्यक्रम के तहत बच्चों में जन्मजात एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर जरूरत के अनुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में उपचार के लिए भेजा जाता है।
कार्यक्रम में जगदलपुर महापौर संजय पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, छत्तीसगढ़ युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित