जगदलपुर , अगस्त 23 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता तथा विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम बेहतर करने के लिए जिला प्रशासन ने सघन निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अगस्त माह के तीसरे शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले के 170 से अधिक स्कूलों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर जुलाई से शुरू किए गए विशेष गुणवत्ता सुधार अभियान के तहत जिले के 178 प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को अलग-अलग विद्यालयों का नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को अधिकारी आवंटित विद्यालयों का निरीक्षण कर वहां की शैक्षणिक व्यवस्था का आकलन कर रहे हैं।

अभियान के दूसरे चरण में अपर कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित विभिन्न तकनीकी और विकास विभागों के अधिकारियों ने जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा, तोकापाल, बास्तानार, दरभा, बस्तर और बकावंड विकासखंड के विद्यालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति, शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप पाठ्यक्रम की प्रगति, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा विभिन्न पंजियों के संधारण की जांच की गई। अधिकारियों ने प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के नियमित संचालन की स्थिति का भी जायजा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित