जगदलपुर , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल में गुरुवार देर रात से हो रही तेज बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि जगदलपुर सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने आज स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है।
बस्तर क्षेत्र में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। देर रात से जारी तेज बारिश के कारण कई निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नदी-नालों के उफान पर आने से आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बरती जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है तथा इसके साथ उपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 9.4 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है।
इसके अलावा एक द्रोणिका उत्तर हरियाणा से उत्तर बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दवाब के क्षेत्र बना हुआ है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। मौसम विज्ञान विभाग नेशुक्रवार को छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित