जगदलपुर , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में बाढ़ और जलभराव की स्थिति के बीच बचाव एवं राहत कार्यों को गति देने के लिए एनएमडीसी लिमिटेड ने पुणे से चार रेस्क्यू स्पीड बोट मंगाकर बुधवार को बस्तर जिला प्रशासन को सौंप दीं। कंपनी के अनुसार शासन से आपात सहायता का अनुरोध मिलने के बाद महज 48 घंटे में इन नावों की व्यवस्था की गई।
नगरनार ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप की उपस्थिति में चारों स्पीड बोट कलेक्टर आकाश छिकारा को सौंपी गईं। प्रत्येक नाव में करीब आठ से 10 लोगों को ले जाने की क्षमता है। इससे पहले एनएमडीसी इस्पात लिमिटेड की ओर से भी एक रेस्क्यू बोट उपलब्ध कराने के साथ प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य एवं राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा है।
इस अवसर पर सांसद कश्यप ने कहा कि बाढ़ की गंभीर स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधनों की आवश्यकता है। इस्पात संयंत्र की ओर से पहले उपलब्ध कराई गई नाव और राहत सामग्री के बावजूद जलभराव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत महसूस की गई थी। एनएमडीसी प्रबंधन से चर्चा के बाद पुणे से तत्काल नाव मंगाकर प्रशासन को उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन से लगातार संवाद करने की बात भी कही।
कलेक्टर छिकारा ने एनएमडीसी के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रशासन जनजीवन को जल्द सामान्य करने के लिए प्रयासरत है। समाज के विभिन्न वर्गों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों का सहयोग राहत कार्यों को मजबूती प्रदान कर रहा है।
नगरनार इस्पात संयंत्र के अधिशासी निदेशक प्रमोद कुमार ने बस्तर क्षेत्र के विकास और सुरक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर ने कहा कि कंपनी के परिचालन क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है तथा संकट की स्थिति में स्थानीय प्रशासन को आवश्यक सहयोग जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित