रायपुर , मई 14 -- छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली प्रवास से लौटने के बाद गुरुवार देर रात रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पर कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के दौरान बस्तर में नक्सलवाद के बाद तेजी से हो रहे विकास और जनकल्याणकारी अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। इसके बाद राज्य सरकार द्वारा "मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान" संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। जरूरतमंदों का उपचार और रेफरल भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 70 हजार लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा चुकी हैं और आगे 36 लाख लोगों तक पहुंचने की योजना है।
उन्होंने बताया कि "बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर)" कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और राजस्व अभिलेख जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक बस्तर में आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अगली बैठक छत्तीसगढ़ में आयोजित करने की घोषणा भी की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित