जगदलपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत वन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित पक्षी पहाड़ी मैना की अवैध बिक्री के आरोप में दो लोगों को सोमवार को गिरफ्तार किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय बाजार में एक व्यक्ति द्वारा पहाड़ी मैना की अवैध बिक्री किए जाने की सूचना वन विभाग को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई प्रारंभ की।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने टीम का विरोध किया जिसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस को बुलाया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम मजुमदार एवं मधुसूदन मजूमदार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग ने बताया कि पहाड़ी मैना एक संरक्षित प्रजाति है, जिसकी खरीद-फरोख्त वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित