जगदलपुर , जून 21 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) कड़े सुरक्षा इंतजामों और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

परीक्षा के दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज धरमपुरा तथा शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज धरमपुरा पहुंचकर परीक्षा कक्षों की बैठक व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी लेते हुए परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों एवं अधिकारियों को सतर्कता और गंभीरता के साथ दायित्व निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई तथा बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन डिवाइस के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराई गई। परीक्षा की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की गई।

परीक्षा केंद्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के साथ वैकल्पिक रूप से जनरेटर की व्यवस्था की गई थी। वहीं आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस तैनात रहे। परीक्षार्थियों के लिए पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल और कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई थी।

परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं एवं अन्य गोपनीय परीक्षा सामग्री को सुरक्षित रूप से सीलबंद कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत भेजने के निर्देश भी अधिकारियों ने दिए।

उल्लेखनीय है कि जगदलपुर शहर के चार केंद्रों-शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय काकतीय पीजी कॉलेज, शासकीय जगतू माहरा बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नीट परीक्षा आयोजित की गई। जिले में कुल 1467 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1292 परीक्षा में शामिल हुए जबकि 175 अनुपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित